gnews वाराणसी में बाइक सवार बदमाशों का तांडव, युवक को मारी गोली; इलाज के दौरान मौत - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में बाइक सवार बदमाशों का तांडव, युवक को मारी गोली; इलाज के दौरान मौत

रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित सौरव विहार कॉलोनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात वह अपने घर जा रहा था, तभी अखरी स्थित सौरव विहार कॉलोनी के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।


मरने से पहले बताई हमलावरों की जानकारी


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायल अवस्था में युवक ने बताया था कि मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आए थे और उसे गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए। इसी आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाने के लिए कई कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


तहरीर लेकर दर्ज होगा मुकदमा


रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।