gnews पुलिस चौकी के पास तांडव: भाजपा पार्षद के करीबियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सिर फटा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

पुलिस चौकी के पास तांडव: भाजपा पार्षद के करीबियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सिर फटा

शहर के दशाश्वमेध थाना अंतर्गत एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि पुलिस चौकी के ठीक बाहर करीब 10 से 12 लोगों ने उसे घेरकर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

विज्ञापन
घायल युवक ने अपना नाम किशन साहनी बताया है। किशन के अनुसार, यह पूरा विवाद एक छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ था। उसने बताया कि भाजपा के मनोनीत पार्षद सत्यनारायण साहनी (तन्ना साहनी) के वर्करों द्वारा पिछले दिन उसके एक कस्टमर को जबरदस्ती रोका गया था। जब अगले दिन फिर वही घटना दोहराई गई, तो किशन ने उसका विरोध किया।

पीड़ित किशन साहनी का कहना है कि विवाद के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी पहुँचा, तो पुलिस ने उसके पिता को भी थाने बुलाकर बिठा लिया। दबाव और डर के कारण किशन शुरुआत में वहाँ जाने से हिचकिचा रहा था, लेकिन बाद में जब वह चौकी के पास पहुँचा, तो चौकी के ठीक बाहर गली में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

विज्ञापन
इस हमले में पीड़ित युवक का सिर पूरी तरह लहूलुहान हो गया, जिसके बाद उसके सिर पर पट्टी बांधी गई है। किशन ने यह भी आरोप लगाया कि इस मारपीट के दौरान उसकी सोने की चैन भी गायब हो गई है। गंभीर रूप से घायल युवक ने अब प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।