रात में BMW की ‘फायरिंग’ से दहशत, बिना नंबर प्लेट दौड़ रही 26 लाख की सुपरबाइक सिगरा पुलिस ने की सीज
सिगरा थाना क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से देर रात तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज से लोगों में दहशत पैदा करने वाली करीब 26 लाख रुपये कीमत की BMW सुपरबाइक को आखिरकार सिगरा पुलिस ने सीज कर दिया। रविवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट सड़क पर दौड़ रही सुपरबाइक को कब्जे में लिया। बाइक में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर से बैकफायर के दौरान फायरिंग जैसी तेज आवाज निकल रही थी, जिससे देर रात सड़क और रिहायशी इलाकों में लोगों के बीच भय का माहौल बन रहा था।
![]() |
| विज्ञापन |
रविवार देर रात सिगरा पुलिस ने संदिग्ध BMW सुपरबाइक को रोककर जांच की। जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी मिली। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के साथ ही बाइक में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर को भी गंभीरता से लिया। इसके बाद पुलिस ने बाइक को तत्काल सीज कर दिया।
रात में BMW की ‘फायरिंग’ से दहशत, बिना नंबर प्लेट दौड़ रही 26 लाख की सुपरबाइक सिगरा पुलिस ने की सीज#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews pic.twitter.com/hIXwjaqIye
— The Varanasi News (@thevaranasinews) August 10, 2026
बताया जा रहा है कि बाइक की कीमत करीब 26 लाख रुपये है। इतनी महंगी सुपरबाइक को बिना नंबर प्लेट सड़क पर चलाए जाने और उसमें नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए जाने को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से देर रात अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई देती थी। आवाज इतनी तेज होती थी कि आसपास रहने वाले लोग और सड़क से गुजरने वाले लोग चौंक जाते थे। कई बार लोगों को ऐसा लगता था कि कहीं फायरिंग तो नहीं हो गई। बाद में पता चला कि BMW बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से बैकफायर के दौरान इस तरह की तेज आवाज निकलती थी।
![]() |
| विज्ञापन |
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में BMW सुपरबाइक को सीज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से देर रात इस बाइक के तेज गति से चलने और तेज आवाज करने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने बाइक को रोककर जांच की और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।
पुलिस अब बाइक से संबंधित दस्तावेजों और वाहन के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि बाइक में किया गया मॉडिफिकेशन नियमों के अनुरूप है या नहीं।


