gnews बांग्लादेश रूट से भारत में अफ्रीकी सोने की तस्करी का खुलासा, वाराणसी में 3.54 करोड़ के गोल्ड बिस्किट के साथ दो गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बांग्लादेश रूट से भारत में अफ्रीकी सोने की तस्करी का खुलासा, वाराणसी में 3.54 करोड़ के गोल्ड बिस्किट के साथ दो गिरफ्तार

बांग्लादेश के रास्ते भारत में अफ्रीकी सोने की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलोग्राम से अधिक सोने के बिस्किट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों तस्कर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वे पश्चिम बंगाल के रास्ते सोने की तस्करी कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली तक डिलीवरी करने जा रहे थे। 


विज्ञापन

बरामदगी की सूचना मिलते ही मौके पर कस्टम विभाग और आयकर विभाग की टीम भी पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

तीन महीने में 35-40 बार कर चुके थे तस्करी

मामले की जानकारी देते हुए प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे एन. कोलांची ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्कर खुद को छात्र और पेंटर बताते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले तीन महीनों के दौरान ये दोनों करीब 35 से 40 बार सोने की तस्करी कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि तस्करों को पश्चिम बंगाल में गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा अफ्रीकी सोना सौंपा जाता था और एक मोबाइल फोन दिया जाता था। इसके बाद उन्हें ट्रेन के जरिए बंगाल से दिल्ली के बीच 

विज्ञापन


यात्रा के दौरान किसी अंजान व्यक्ति को सोने की डिलीवरी करनी होती थी। डिलीवरी पूरी होने के बाद उन्हें इसके बदले पैसे मिलते थे।

अंतरराष्ट्रीय गिरोह होने की आशंका

आईजी रेलवे ने आशंका जताई है कि बरामद किया गया सोना अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचता है, जहां से इसे भारत के अलग-अलग राज्यों में भेजा जाता है। ऐसे में इस पूरे नेटवर्क के पीछे अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह होने की संभावना जताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए दिल्ली समेत कई राज्यों की एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है और तस्करी के इस नेटवर्क को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। फिलहाल पकड़े गए दोनों तस्करों से गहन पूछताछ जारी है।