gnews गाड़ी पास न देने पर युवक को मारी गोली, वाराणसी में कार सवार बदमाशों का आतंक - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

गाड़ी पास न देने पर युवक को मारी गोली, वाराणसी में कार सवार बदमाशों का आतंक


वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में शनिवार रात बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे पर अज्ञात कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना में युवक के हाथ में गोली लग गई, जबकि संयोगवश दोनों की जान बच गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नुवांव निवासी अरुण सिंह अपने भतीजे पवन सिंह के साथ शनिवार रात करीब 10:30 बजे सुसुवाही कर्मनवीर से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। 

विज्ञापन

आरोप है कि बाईपास चौराहे के पास से एक काले रंग की क्रेटा कार उनका पीछा करने लगी और लगातार हॉर्न बजाकर ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी।

अरुण सिंह के मुताबिक, घर से कुछ दूरी पहले कार सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। अरुण झुक गए, जिससे गोली उन्हें न लगकर पीछे बैठे उनके भतीजे पवन सिंह के बाएं हाथ में जा लगी। इसके बाद बदमाशों ने एक और फायर किया, लेकिन गोली दूर निकल गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी प्रयागराज की ओर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। 

विज्ञापन

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।

पीड़ित परिवार ने बताया कि कार पर प्रयागराज नंबर लिखा हुआ था। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग भयभीत हैं।

इस मामले में लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार लगातार हॉर्न बजा रहे थे, जिसे लेकर विवाद हुआ था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।