इबोला वायरस को लेकर वाराणसी में अलर्ट, एयरपोर्ट से लेकर अस्पतालों तक बढ़ाई गई सतर्कता
इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जिले में विदेश से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जा रही है। खासकर इबोला प्रभावित देशों से लौटने वाले लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की पैनी नजर बनी हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच को और सख्त कर दिया गया है। एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच की जा रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और जिला अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलते ही उसे तत्काल आइसोलेशन में रखा जाए और सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाए। संदिग्ध मरीजों के सैंपल पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेजे जा रहे हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने हाल ही में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में फैले बुंडिबुग्यो स्ट्रेन के इबोला प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। इसके बाद भारत समेत कई देशों में निगरानी और स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है।
![]() |
| विज्ञापन |
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, लेकिन सतर्कता जरूर बरतें। विदेश यात्रा से लौटने वाले लोग यदि अस्वस्थ महसूस करें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी यात्रा की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें।


