gnews पुराने धोखाधड़ी मुकदमे में समझौते का दबाव, 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप; दो नामजद समेत कई पर केस - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

पुराने धोखाधड़ी मुकदमे में समझौते का दबाव, 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप; दो नामजद समेत कई पर केस


वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामनापुरी कॉलोनी में एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर चितईपुर पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, महामनापुरी कॉलोनी निवासी सोमनाथ पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उधरनपुर निवासी सुभाष राय उर्फ चिंटू, विजय सिंह और उनके कुछ सहयोगी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने पुराने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाते हुए 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।


पीड़ित ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उन्होंने सुभाष राय उर्फ चिंटू के खिलाफ 17 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस विवेचना पूरी कर चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर चुकी है। आरोप है कि इसी प्रकरण को लेकर अब लगातार मुकदमा वापस लेने और समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।


तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज और अभद्रता की। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।



विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए चितईपुर पुलिस ने सुभाष राय उर्फ चिंटू, विजय सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में रंगदारी मांगने, धमकी देने और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है।


इस संबंध में चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।