gnews ऑपरेशन के ढाई साल बाद पेट में मिली ड्रेन! परिजनों ने पैनासिया हॉस्पिटल पर लगाए गंभीर आरोप - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

ऑपरेशन के ढाई साल बाद पेट में मिली ड्रेन! परिजनों ने पैनासिया हॉस्पिटल पर लगाए गंभीर आरोप

दुर्गाकुंड स्थित पैनासिया हॉस्पिटल के खिलाफ कथित चिकित्सीय लापरवाही के मामले में पीड़ित परिवार ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में हुए ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी मां को वर्षों तक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
प्रेस वार्ता के दौरान पीड़िता के पुत्र शुभम सिंह और आशुतोष ने बताया कि उनकी मां का उपचार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पैनासिया हॉस्पिटल में कराया गया था। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के बाद संबंधित चिकित्सक ने उन्हें अपने निजी चेंबर में बुलाकर 50 हजार रुपये की मांग की थी। परिजनों का दावा है कि पैसे न देने पर भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी।

 

परिवार के अनुसार, ऑपरेशन के लगभग ढाई वर्ष बाद उनकी मां को पेट में असहनीय दर्द की शिकायत होने लगी। विभिन्न चिकित्सकीय जांचों के बाद उन्हें पता चला कि ऑपरेशन के दौरान शरीर के भीतर एक ड्रेन (नली) छूट गई थी, जिसके कारण लगातार स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बनी रहीं। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले में अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा तो उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन पर ही 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया।

विज्ञापन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), जिलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले को दबाने और समझौता करने के लिए उन पर दबाव बनाया गया।

प्रेस वार्ता में परिजनों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को बदनाम करना नहीं है, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उनका कहना है कि यह मामला केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।