शिवाला स्थित गेस्ट हाउस में रूसी महिला पर्यटक की मौत, पेट संक्रमण और सांस लेने में दिक्कत से बिगड़ी तबीयत
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला स्थित संध्या गेस्ट हाउस में रविवार अपराह्न एक विदेशी महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान रूस के मॉस्को निवासी टाटानिया मॉस्कालेनको (63) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची लंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
|  | 
| विज्ञापन | 
जानकारी के अनुसार, टाटानिया अपने पति एडुवर्ड के साथ चार दिन पहले वाराणसी घूमने आई थीं। दोनों ने शिवाला स्थित संध्या गेस्ट हाउस में कमरा लेकर ठहराव किया था। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे टाटानिया की अचानक सांस फूलने लगी और तबीयत बिगड़ने लगी। घबराए पति ने होटल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद होटल प्रबंधक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
|  | 
| विज्ञापन | 
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीएचयू एसएस अस्पताल रेफर कर दिया। बीएचयू पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला को सांस लेने में दिक्कत और पेट में संक्रमण की शिकायत थी। पति एडुवर्ड ने पूछताछ में बताया कि टाटानिया पिछले कुछ दिनों से पेट संक्रमण से पीड़ित थीं और इलाज चल रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा इस संबंध में रूसी दूतावास को सूचना दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
 
