STF के हत्थे चढ़ा फर्जी आर्मी अफसर, भेलूपुर में बैठकर कर रहा था ठगी
फर्जी आर्मी अफसर बनकर युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को एसटीएफ वाराणसी यूनिट और भेलूपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी धर्मेंद्र कुमार पांडेय है, जिसने अब तक कई युवाओं को सेना समेत विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव का रहने वाला है और इन दिनों वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बृज एंक्लेव कॉलोनी में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस के 2 फर्जी आईडी कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड, 2 ड्राइविंग लाइसेंस, 3 डेबिट कार्ड, 2 अंक पत्र और 1 शैक्षिक प्रमाण पत्र बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि धर्मेंद्र कुमार पांडेय खुद को सेना में कमांडिंग अफसर बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। वह सेना, रेलवे और शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग लोगों से मोटी रकम वसूलता था। किसी से 5 लाख रुपये, तो किसी से 10 लाख रुपये तक की ठगी की गई, जबकि कई अन्य लोगों से भी 1 से 2 लाख रुपये ऐंठे गए।
इस पूरे मामले में सेना से मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे भेलूपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
![]() |
| विज्ञापन |
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है।


.jpg)