gnews कानपुर में बनारस की किशोरी के साथ हॉस्टल में गैंगरेप, तीन युवकों पर मुकदमा, एक गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

कानपुर में बनारस की किशोरी के साथ हॉस्टल में गैंगरेप, तीन युवकों पर मुकदमा, एक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बनारस से अपने रिश्तेदार से मिलने आई 16 वर्षीय किशोरी के साथ तीन युवकों ने हॉस्टल में जाकर गैंगरेप किया। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट सहित गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथियों की तलाश जारी है।


अर्धनग्न हालत में मिली किशोरी, किरायेदार ने दी सूचना


यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंधना इलाके की है। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे किशोरी मंधना चौराहे पर अकेली खड़ी मिली। आरोप है कि इसी दौरान पदम त्रिपाठी (निवासी मंधना बहलोलपुर), निहाल सिंह (निवासी बगदोधी बांगर) और बिल्लू उर्फ नितेश दुबे ने किशोरी से बातचीत शुरू की। किशोरी ने उन्हें बताया कि वह बनारस से अपने एक रिश्तेदार से मिलने आई है, लेकिन रिश्तेदार का फोन बंद आ रहा है और उसे रुकने के लिए कोई स्थान नहीं मिल पा रहा है।

विज्ञापन

इस पर आरोपी पदम त्रिपाठी किशोरी को अपने हॉस्टल में ले गया और एक कमरे में ठहराया। बाद में उसके दोनों साथी भी वहां पहुंच गए, जहां तीनों ने किशोरी के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।


बुधवार सुबह करीब छह बजे हॉस्टल में किराए पर रहने वाले एक युवक ने किशोरी को अर्धनग्न हालत में देख लिया। इसके बाद उसने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पूछताछ में खुली दास्तान, सीसीटीवी से मिला सुराग


मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी और आरोपी पदम त्रिपाठी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। शुरुआत में किशोरी ने पुलिस को कुछ और बताने की कोशिश की, लेकिन महिला हेल्प डेस्क की दरोगा से गहन पूछताछ के बाद गैंगरेप की पूरी सच्चाई सामने आ गई।

विज्ञापन

पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें आरोपी किशोरी को हॉस्टल की ओर ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।


एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी


एसीपी कल्याणपुर आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी पदम त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दो साथियों निहाल सिंह और बिल्लू उर्फ नितेश दुबे की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।


विधायक के करीबी होने के आरोप, सनसनी फैली


स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपी एक स्थानीय विधायक के करीपी बताए जा रहे हैं। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की निष्पक्ष जांच करने का दावा किया है।