gnews वाराणसी में कर्ज से परेशान टीचर बना लुटेरा, जन सेवा केंद्र में पिस्टल तानकर लूट की कोशिश; लोगों ने दबोचा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में कर्ज से परेशान टीचर बना लुटेरा, जन सेवा केंद्र में पिस्टल तानकर लूट की कोशिश; लोगों ने दबोचा


वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां कर्ज के बोझ से परेशान एक निजी स्कूल के शिक्षक ने जन सेवा केंद्र (CSC) में पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश कर डाली। हालांकि संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय निवासी जावेद अली अपने घर में ही जन सेवा केंद्र संचालित करते हैं। शनिवार रात करीब 8:08 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। 

विज्ञापन

इसी दौरान बाइक से पहुंचे युवक ने कैश निकालने की बात कही। जावेद ने बताया कि दुकान बंद हो रही है और अब कैश नहीं दिया जा सकता।

इसके बावजूद युवक करीब 15 मिनट तक दुकान के आसपास मंडराता रहा। कभी मोबाइल पर बात करता तो कभी बाहर निकलकर इधर-उधर नजर दौड़ाता रहा। कुछ देर बाद उसने अचानक अपनी कमर से पिस्टल निकाली और जावेद अली पर तान दी। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि गल्ले में जितने रुपए हैं, तुरंत दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा।



जावेद अली ने बताया कि पहले वह घबरा गए, लेकिन बाद में हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को बातों में उलझाया। उन्होंने कहा कि कैश पीछे रखा है और वह अभी लेकर आते हैं। इसके बाद वह पीछे के कमरे में गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे।

आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन दुकान के बाहर ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। आरोपी को कुर्सी पर बैठाकर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल और बाइक बरामद कर ली।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गौतम पटेल के रूप में हुई, जो शिवपुर क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। आरोपी ने बताया कि उसने अच्छी नौकरी पाने के लिए किसी व्यक्ति को कर्ज लेकर काफी पैसा दिया था। उस कर्ज की हर महीने करीब 25 हजार रुपए EMI भरनी पड़ती है, 

विज्ञापन

जबकि स्कूल से उसे केवल 13 हजार रुपए वेतन मिलता है। आर्थिक तंगी और बढ़ते कर्ज से परेशान होकर उसने लूट की योजना बनाई।

बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि जावेद अली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की गई, लेकिन उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला सामने नहीं आया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास पिस्टल कहां से आई।