gnews बेनियाबाग के राम सिंह अखाड़े में करंट लगने से 23 वर्षीय पहलवान की मौत, क्षेत्र में शोक - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बेनियाबाग के राम सिंह अखाड़े में करंट लगने से 23 वर्षीय पहलवान की मौत, क्षेत्र में शोक

चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग स्थित प्रसिद्ध राम सिंह अखाड़े में अभ्यास के दौरान करंट लगने से 23 वर्षीय एक युवा पहलवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद अखाड़े और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, चौक थाना पुलिस को शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे श्री शिव प्रसाद मण्डलीय चिकित्सालय से सूचना मिली कि हर्ष उर्फ शनि (23 वर्ष) निवासी बड़ी पियरी, थाना चौक, को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि हर्ष उर्फ शनि बेनियाबाग स्थित राम सिंह अखाड़े में नियमित रूप से पहलवानी का अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान वह किसी तरह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में करंट लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
घटना के बाद स्थानीय पहलवानों और क्षेत्रीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। हर्ष उर्फ शनि को एक उभरते हुए युवा पहलवान के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन से परिवार, मित्रों और अखाड़े से जुड़े लोगों को गहरा आघात पहुंचा है।


स्थानीय लोगों ने अखाड़ों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।