gnews कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल के नाम पर शराब कारोबारी पर फायरिंग, बंधक बनाकर पीटा; तीन पर मुकदमा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल के नाम पर शराब कारोबारी पर फायरिंग, बंधक बनाकर पीटा; तीन पर मुकदमा

कफ सिरप तस्करी मामले में वांछित चल रहे शुभम जायसवाल के नाम पर लखनऊ के एक शराब कारोबारी को धमकी देने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का मामला सामने आया है। कारोबारी का आरोप है कि शराब की आपूर्ति के बकाये 8 लाख 66 हजार 845 रुपये मांगने पर उसके साथ यह घटना की गई। मामले में मंडुवाडीह थाने में जिला जेल में बंद वैभव जायसवाल, उसकी पत्नी शिवांगी जायसवाल और मां राधिका जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।


जानकीपुरम, लखनऊ निवासी और बी हाइव एन्क्लेव एलएलपी फर्म के प्रबंधक अरविंद कुमार जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म वाराणसी और लखनऊ में शराब की आपूर्ति करती है। आरोप है कि शिवांगी जायसवाल और राधिका जायसवाल ने अपनी शराब की दुकानों के लिए फर्म से शराब मंगाई थी। शुरुआत में भुगतान नियमित रूप से किया गया, लेकिन बाद में दोनों की दुकानों पर भुगतान बकाया हो गया।


अरविंद के मुताबिक, राधिका जायसवाल की दुकान पर 2 लाख 66 हजार 390 रुपये और शिवांगी जायसवाल की दुकान पर 6 लाख 455 रुपये, यानी कुल 8 लाख 66 हजार 845 रुपये बकाया थे। फर्म के कर्मचारियों द्वारा भुगतान की मांग किए जाने पर वैभव जायसवाल कथित तौर पर टालमटोल करने लगा।

शुभम जायसवाल के नाम पर दी धमकी


आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर वैभव जायसवाल ने कफ सिरप तस्करी मामले में वांछित चल रहे शुभम जायसवाल का नाम लेकर धमकी दी। उसने कथित तौर पर कहा कि एसटीएफ जिस माफिया की तलाश कर रही है, उससे उसके संबंध हैं। आरोप है कि शराब की आपूर्ति बंद करने या बकाया रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

विज्ञापन 

अरविंद के अनुसार, 25 मार्च 2026 को वैभव जायसवाल ने उन्हें चौकाघाट पानी की टंकी के पास बुलाया। वहां शिवांगी और राधिका जायसवाल भी मौजूद थीं। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर उन्हें बंधक बना लिया गया और बुरी तरह पीटा गया।


भागने के दौरान गोली चलाने का आरोप


पीड़ित कारोबारी ने आरोप लगाया कि अगले दिन जब वह वहां से निकलकर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी वैभव जायसवाल ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गया।

विज्ञापन 

अरविंद ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद भी आरोपी उसके घर और दुकान पर पहुंचकर पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं। मामले में मंडुवाडीह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि आरोपी वैभव जायसवाल पहले से ही जेल में बंद है। उसकी पत्नी शिवांगी जायसवाल और मां राधिका जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।


शुभम की कथित ब्लैकमनी को शराब कारोबार में खपाने का आरोप


पुलिस कार्रवाई के मुताबिक, दारानगर निवासी वैभव जायसवाल को 31 मार्च को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर कथित तौर पर शुभम जायसवाल के साथ मिलकर अवैध रकम को शराब कारोबार के जरिए खपाने और हवाला कारोबार से जुड़े होने के आरोप हैं।

विज्ञापन 

आरोप है कि शुभम जायसवाल के करीबी लोगों में शामिल वैभव जायसवाल, कफ सिरप तस्करी से अर्जित रकम को शुभम के बताए ठिकानों और लोगों तक पहुंचाता था। इसी नेटवर्क के जरिए वैभव ने अपनी पत्नी शिवांगी जायसवाल और मां राधिका जायसवाल के नाम पर शराब के ठेके लिए थे।


वैभव की गिरफ्तारी के बाद आबकारी विभाग ने उसके परिवार से जुड़े छह शराब के ठेकों को निरस्त कर दिया था। ये ठेके रोहनिया, खोजवा और सिगरा क्षेत्र में बताए गए हैं। इसके अलावा वैभव की नाटी इमली-काटनमिल रोड पर बर्तन की दुकान भी है।


फिलहाल पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि विवेचना और पुलिस कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।