gnews काशी के क्लबों में खपनी थी 2.10 करोड़ की हेरोइन, एएनटीएफ ने तस्कर को दबोचा; दिल्ली-मुंबई तक फैले तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

काशी के क्लबों में खपनी थी 2.10 करोड़ की हेरोइन, एएनटीएफ ने तस्कर को दबोचा; दिल्ली-मुंबई तक फैले तार

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की वाराणसी यूनिट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से 1.020 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 2.10 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह इस साल एएनटीएफ की सबसे बड़ी कार्रवाई और सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी में से एक है।

विज्ञापन
जांच में सामने आया है कि बरामद हेरोइन को वाराणसी के क्लबों और नाइट पार्टियों में खपाने की तैयारी थी। एएनटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और वाराणसी में किन लोगों के जरिए इसकी सप्लाई होनी थी।

गोधना मोड़ पर घेराबंदी कर दबोचा


एएनटीएफ के डिप्टी एसपी राजकुमार त्रिपाठी के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में एक तस्कर हेरोइन की बड़ी खेप के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर 5 सितंबर की देर रात गोधना मोड़ स्थित सर्विस रोड पर टीम ने घेराबंदी की।

विज्ञापन
कुछ देर बाद एक युवक वहां पहुंचा। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक सोनकर बताया। वह वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के झोरिया जगदीशपुर, बाबतपुर का रहने वाला है। बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी को अलीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

बिहार और ओडिशा से मंगाता था हेरोइन


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन की खेप बिहार और ओडिशा से मंगाता था। पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए वह हर बार तस्करी का रास्ता बदलता था। बताया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की आपूर्ति के लिए ऑनलाइन बुकिंग का भी इस्तेमाल किया जाता था।

विज्ञापन
जांच में तस्करी के नेटवर्क के तार दिल्ली, मुंबई और ओडिशा तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। एएनटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


किस क्लब और किसे होनी थी डिलीवरी, जांच जारी


जांच एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की डिलीवरी आखिर किसे दी जानी थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाराणसी के किन क्लबों या नाइट पार्टियों तक इसकी सप्लाई पहुंचाई जानी थी।


एएनटीएफ आरोपी से पूछताछ के आधार पर हेरोइन के वास्तविक स्रोत, सप्लायर और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

आरोपी के खिलाफ अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस और एएनटीएफ अब मामले की आगे की जांच कर रही है।


कार्रवाई में एएनटीएफ वाराणसी यूनिट के प्रभारी कुलदीप शर्मा, उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।