वाराणसी के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार देर रात एक युवती आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को रेलवे पटरी से हटाया। पुलिस ने युवती को समझा-बुझाकर उसके परिजनों को सूचना दी और बाद में उसे घर भेज दिया।
 |
| विज्ञापन |
आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक युवती आत्महत्या करने के लिए रेलवे ट्रैक पर लेटी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती को ट्रैक से हटाने का प्रयास किया तो उसने रेलवे पटरी को मजबूती से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे जबरन ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। |
| विज्ञापन |
पूछताछ में युवती ने बताया कि वह हवेलिया चौराहे के पास स्थित एक होटल में काम करती है और चंद्रा चौराहे के पास किराए के मकान में रहती है। वह मूलरूप से बिहार के पटना जिले के बिहटा की रहने वाली है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाती है। इसी को लेकर उसके भाई और परिवार के अन्य लोगों ने फोन पर उसे डांट लगाई और रील बनाने से मना किया था। परिवार की रोक-टोक से नाराज होकर वह आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई थी। |
| विज्ञापन |
युवती ने पुलिस से बातचीत के दौरान कहा कि “लड़के अपनी जिंदगी जी सकते हैं तो लड़कियां क्यों नहीं।” पुलिस ने उसके परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी और युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित घर भेज दिया।