gnews वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने आए लोगों पर हमला, युवक को लाठी-डंडों से पीटा; छह हिरासत में - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने आए लोगों पर हमला, युवक को लाठी-डंडों से पीटा; छह हिरासत में

काशी के महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर की देर शाम दाह संस्कार के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चौक पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह 9 अक्टूबर को अपने बहनोई स्वर्गीय बंशनारायण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने मणिकर्णिका घाट आए थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके भांजे अभिषेक सिंह, निवासी गोपपुर, चोलापुर को कुछ लोगों ने धमकी दी और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना से घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


छह नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा


मामले में रमेश सिंह की तहरीर के आधार पर चौक थाने में छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन
नामजद आरोपियों में ऋषिकेश चौधरी निवासी जंसा, बादल चौधरी निवासी रामेश्वरम, जंसा, गोलू, शनि चौधरी निवासी मीरघाट, गुड्डू चौधरी निवासी बड़ी गैबी और अनिल निवासी मीरघाट के नाम शामिल हैं।


वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई


घटना का वीडियो सामने आने के बाद चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है।

विज्ञापन
इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला के अनुसार, मामले में आरोपियों की तलाश और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।