gnews वाराणसी में 15 जरूरतमंद महिलाओं को मिली निःशुल्क सिलाई मशीन, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया वितरण - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में 15 जरूरतमंद महिलाओं को मिली निःशुल्क सिलाई मशीन, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया वितरण

वाराणसी में राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट की ओर से सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री हंसराज विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 15 जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीन वितरित की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना रहा।

विज्ञापन
इस अवसर पर मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ट्रस्ट की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाना समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सिलाई मशीन मिलने से महिलाएं सिलाई का काम शुरू कर अपनी आय बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकेंगी।


सेवा कार्य के साथ मनाया गया सतीश राय का जन्मदिन


कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक सतीश राय का जन्मदिन भी सादगी के साथ मनाया गया। 

विज्ञापन
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।


ट्रस्ट के पदाधिकारी रहे मौजूद


समारोह में राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट के सचिव राजेश राय, न्यासी रीना राय और रिंकी राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए आगे भी इस तरह के सेवा कार्य किए जाते रहेंगे।

विज्ञापन
कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट के सचिव राजेश राय ने मुख्य अतिथि मंत्री हंसराज विश्वकर्मा सहित सभी उपस्थित अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।