gnews वाराणसी में चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार की जान, गले में फंसी डोर से कटा गला; अस्पताल में मौत - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार की जान, गले में फंसी डोर से कटा गला; अस्पताल में मौत

शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया ओवरब्रिज पर बाइक से जा रहे एक व्यक्ति का गला चाइनीज मांझे की तेज धार से कट गया। हादसे के बाद बाइक सवार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन

मृतक की पहचान चौक थाना क्षेत्र के चौखंबा निवासी सुनील कुमार नागपुरी, पुत्र कृष्ण दास नागपुरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार नागपुरी बाइक से सरैया ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। जब तक वह बाइक को संभालकर रोक पाते, मांझे की तेज धार से उनका गला कट गया।

विज्ञापन

गले में मांझा फंसने और गंभीर रूप से घायल होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और वह डिवाइडर से टकरा गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने सरैया चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन

चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इसका इस्तेमाल लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों के लिए यह मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत को उजागर किया है।