वाराणसी को हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़त, मेडिकल कॉलेज के लिए 400 करोड़ स्वीकृत
उत्तर प्रदेश सरकार ने वाराणसी की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के वित्त मंत्री ने विधानसभा में 2025-26 का बजट पेश करते हुए वाराणसी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके साथ ही, शहर में एक राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की भी घोषणा की गई है।
मरीजों को मिलेगी राहत, मेडिकल शिक्षा को भी बढ़ावा
मेडिकल कॉलेज की स्थापना से वाराणसी और आसपास के जिलों के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा। साथ ही, इस कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों पर मेडिकल शिक्षा भी उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के छात्रों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय में बनेगा मेडिकल कॉलेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 फरवरी 2024 को वाराणसी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी थी।
![]() |
| विज्ञापन |
इस परियोजना के लिए पिछले बजट में प्रस्तावित 400 करोड़ रुपये को इस वर्ष की बजट योजना में लागू कर दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज में होंगी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस मेडिकल कॉलेज में 430 बेड की सुविधा होगी और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को महानगरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
15 एकड़ भूमि पर बनेगा मेडिकल कॉलेज
मेडिकल कॉलेज को भव्य रूप देने के लिए जिला अस्पताल के सामने, मानसिक अस्पताल के बगल में स्थित 15 एकड़ भूमि को इसके निर्माण के लिए चुना गया है।
दमानी ग्रुप करेगा मेडिकल कॉलेज का निर्माण
दिसंबर 2024 में स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए दमानी ग्रुप के साथ समझौता (MOU) किया गया था। इस समझौते के तहत दमानी ग्रुप तीन ब्लॉक – एडमिनिस्ट्रेटिव, एकेडमिक और हॉस्टल बिल्डिंग का निर्माण करेगा।
![]() |
| विज्ञापन |
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि 2027 से चिकित्सा सेवाएं और एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सके।
वित्त मंत्री ने वाराणसी में एक राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज की भी घोषणा की है। इससे होमियोपैथिक चिकित्सा को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को इस क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना से वाराणसी को एक प्रमुख चिकित्सा हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह कॉलेज न केवल वाराणसी, बल्कि पूर्वांचल के अन्य जिलों के मरीजों के लिए भी वरदान साबित होगा।



