वाराणसी के सेंट मैरी स्कूल में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, तलाश में उतरीं वन विभाग की तीन टीमें
छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मैरी स्कूल परिसर में गुरुवार की भोर में कथित तौर पर तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब साढ़े तीन बजे तेंदुआ नजर आने की सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग और कैंट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग ने तीन टीमें गठित की हैं। वनकर्मी हाथों में डंडे लेकर परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया तेंदुआ, नहीं मिले पैरों के निशान
स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक तेंदुआ जैसा जानवर जाता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। फुटेज में दिखाई दिए स्थानों पर भी जांच की गई, लेकिन मौके से तेंदुए के पैरों के निशान नहीं मिले। तलाशी के दौरान भी तेंदुआ कहीं दिखाई नहीं पड़ा।
![]() |
| विज्ञापन |
वरुणा नदी के रास्ते शहर में पहुंचने की आशंका
वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ चंदौली की ओर से गंगा किनारे होते हुए वरुणा नदी के रास्ते शहर में पहुंचा हो सकता है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
![]() |
| विज्ञापन |
प्रभागीय वनाधिकारी ने क्या कहा?
प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। स्कूल परिसर में तलाशी के दौरान तेंदुए के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। शहर के बीचोंबीच तेंदुए के दिखाई देने की बात आश्चर्यजनक है। फिलहाल वन विभाग की टीमें मामले की जांच और तलाश में जुटी हैं।



