IIT-BHU में देर रात बवाल: छात्रों पर हमला, भागकर बचाई जान, लंका थाने में FIR दर्ज
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के आईआईटी कैंपस में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना देर रात करीब दो बजे की है, जब आईआईटी बीएचयू के छात्र ऋषभ राज अपने दोस्तों दुष्यंत और राघव के साथ लंका से अपने हॉस्टल लौट रहे थे।
![]() |
| विज्ञापन |
ऋषभ राज की तहरीर पर लंका थाने में बिड़ला छात्रावास के अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। ऋषभ का आरोप है कि जब वे राजपुताना चौराहे पर पहुंचे, तो बिड़ला छात्रावास के कुछ छात्रों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और मारपीट करने लगे।
किसी तरह तीनों छात्रों ने भागकर आईआईटी कैंपस में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया। इस बीच, जब आईआईटी के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की।
![]() |
| विज्ञापन |
इसी दौरान, एक प्रथम वर्ष का छात्र जो लाइब्रेरी से लौट रहा था, उसे भी हमलावरों ने निशाना बनाया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने जाते-जाते सभी छात्रों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए।
पूरी घटना राजपुताना चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लंका थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



