आगजनी के बाद दालमंडी में बुलडोजर एक्शन शुरू, KK सिंह का बयान आया सामने
वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में एक दिन पूर्व हुई आगजनी की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम द्वारा जर्जर घोषित किए गए मकानों के खिलाफ मंगलवार को बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान 21 मकानों पर जेसीबी से कार्रवाई की गई, जबकि अन्य भवनों को मिलाकर कुल 34 मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है।
![]() |
| विज्ञापन |
प्रशासन द्वारा चल रही इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। दालमंडी की संकरी गलियों और संभावित जोखिम को देखते हुए क्षेत्र में मीडिया के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। सभी पत्रकारों को चौक थाने के पास तक ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि एक साथ बड़ी संख्या में जर्जर भवनों को गिराने का निर्णय क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका को समाप्त करने के उद्देश्य से लिया गया है। दालमंडी क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर भवनों और अवैध निर्माण की समस्या सामने आ रही थी, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था।
![]() |
| विज्ञापन |
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि जिन भवनों पर कार्रवाई की जा रही है, उन्हें तकनीकी जांच के बाद असुरक्षित और जर्जर श्रेणी में रखा गया था। उन्होंने कहा कि “ऐसे भवन किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते थे। प्रशासन का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और यह कार्रवाई उसी दिशा में उठाया गया आवश्यक कदम है।”
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जर्जर भवनों को हटाने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ध्वस्तीकरण के दौरान संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि दालमंडी में चल रही यह कार्रवाई सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखकर की जा रही है, जिससे भविष्य में क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

.jpg)

