पिंडरा में VDA अधिग्रहण पर अजय राय का हमला, 8 फरवरी को संविधान संवाद सम्मेलन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को वाराणसी में प्रेसवार्ता कर आगामी ‘संविधान संवाद सम्मेलन’ को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन 8 फरवरी को शास्त्री घाट, वाराणसी में आयोजित होगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के पांच सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा भी मौजूद रहेंगे।
![]() |
| विज्ञापन |
प्रेसवार्ता के दौरान अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी, किसान और महिलाएं हर स्तर पर परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता के असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के सामने नतमस्तक हो चुके हैं, वहीं देश के भीतर लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाया जा रहा है।
![]() |
| विज्ञापन |
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है और स्पीकर महोदय उनकी आवाज़ को बार-बार रोक रहे हैं। अजय राय के अनुसार, उत्तर प्रदेश में राजनीति को केवल हिंदू-मुसलमान तक सीमित कर दिया गया है, जबकि बेरोज़गारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं हो रही।
अजय राय ने गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या के मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि आज प्रदेश का युवा विदेशी ऑनलाइन गेम और जुए की लत में फंसता जा रहा है, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को सही दिशा देने में पूरी तरह विफल रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
वाराणसी से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा पिंडरा क्षेत्र में गांव के गांव का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि भूमि को जबरन आवासीय भूमि में बदला जा रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीणों का भविष्य संकट में है। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को भी संविधान संवाद सम्मेलन के मंच से जोरदार तरीके से उठाएगी और किसानों के हक़ की लड़ाई लड़ेगी।



