वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है। वंदे भारत ट्रेन में एक विदेशी यात्री का लाखों रुपये की नकदी से भरा बैग छूट गया था, जिसे ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारी ने बरामद कर रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया। बाद में यात्री की पहचान और पूछताछ के बाद बैग में मौजूद पूरी रकम उसे वापस लौटा दी गई।
 |
| विज्ञापन |
जानकारी के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन के यार्ड में सफाई के दौरान रेलवे कर्मचारी को एक बैग मिला।
बैग की जांच में उसमें करीब 2 लाख 11 हजार रुपये के साथ हजारों डॉलर की विदेशी मुद्रा मौजूद थी। कर्मचारी ने बिना किसी लालच के बैग को रेलवे अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया।
 |
| विज्ञापन |
इधर, सिंगापुर निवासी विदेशी यात्री अपने गाइड के साथ नकदी से भरे बैग की तलाश में कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा। रेलवे अधिकारियों ने यात्री से आवश्यक पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग उसे वापस सौंप दिया। |
| विज्ञापन |
बैग और उसमें मौजूद रकम वापस मिलने पर विदेशी यात्री ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी की सराहना की। भारत भ्रमण पर आए यात्री ने इस सराहनीय कार्य के लिए रेलवे और भारत की प्रशंसा की। रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी ने एक बार फिर मानवता और भरोसे की मिसाल पेश की।