पूरी रात जाम में फंसा बनारस, सड़क घेरकर निकली बारात पर लॉन, डीजे और लाइट संचालक पर FIR
वाराणसी में मंगलवार की आधी रात सड़क घेरकर बारात निकालना और यातायात प्रभावित करना लॉन संचालक, बैंड-बाजा और लाइट संचालक को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।
![]() |
| विज्ञापन |
जानकारी के अनुसार भिखारीपुर स्थित वैष्णवी लॉन के सामने रात करीब 11:30 बजे बारात निकलने के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और बारातियों द्वारा सड़क का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा घेर लिया गया था, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर एसीपी मौके पर पहुंचे तो बरातियों ने रास्ता खाली किया, लेकिन मौके पर बैंड-बाजा, लाइट और बारात आधे से अधिक सड़क पर मौजूद मिली।
एसीपी ने तत्काल बरातियों को सड़क खाली करने का निर्देश दिया और लॉन संचालक को बुलाकर नाराजगी जताई। इसके बाद चौकी प्रभारी महमूरगंज की तहरीर पर लॉन संचालक, डीजे संचालक और लाइट संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है और विभिन्न इलाकों में लगातार बारातें निकल रही हैं। ऐसे में सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पहले ही म्यूजिक सिस्टम, बैंड-बाजा और बरात घर संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का पालन करने के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस ने बैंड-बाजा संचालकों को निर्देश दिया है कि बारात के दौरान सड़क का अधिकतम 33 प्रतिशत हिस्सा ही उपयोग करें, ताकि शेष हिस्से पर यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। कार्रवाई के बाद बरातियों और घरातियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


.jpg)

