प्रशांत उपाध्याय और साथियों पर बड़ा एक्शन: कोडीन तस्करी में 22 करोड़ की संपत्ति जब्त होगी
कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में पुलिस और एसआईटी की सख्त कार्रवाई जारी है। इस मामले में आरोपी विकास सिंह नरवे, प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू और प्रतीक कुमार गुजराती की कुल 22 करोड़ 28 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
![]() |
| विज्ञापन |
अदालत ने तीनों आरोपियों की आपराधिक कृत्य से अर्जित संपत्तियों के जब्तीकरण को लेकर नोटिस जारी किया है और 18 अप्रैल को पेश होने का आदेश दिया है।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के अनुसार, कोतवाली पुलिस और एसआईटी की प्रभावी पैरवी के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध तरीके से अर्जित धन से भारी संपत्ति बनाई है।
पुलिस के मुताबिक, आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के नरवे गांव निवासी विकास सिंह की जौनपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित तरुण मित्र रोड, वाजिदपुर में करीब 39.46 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति चिन्हित की गई है। इसमें लगभग 10 लाख रुपये की जमीन, 25 लाख रुपये की
![]() |
| विज्ञापन |
फॉर्च्यूनर कार, करीब 4 लाख रुपये की एक अन्य कार तथा बैंक खाते में जमा 27 हजार रुपये को फ्रीज किया गया है।
वहीं, पांडेयपुर-खजुरी स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी कुंज निवासी प्रतीक कुमार गुजराती की करीब 1.39 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हित की गई है। इसमें 1.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और बैंक खातों में जमा 50,625 रुपये फ्रीज किए गए हैं।
इसके अलावा, भेलूपुर थाना क्षेत्र के बिरदोपुर शंकरपुरी कॉलोनी निवासी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू की करीब 20.48 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हित हुई है। इसमें 20 करोड़ 4 लाख रुपये की अचल संपत्ति और बैंक खातों में जमा 44,20,452 रुपये को फ्रीज किया गया है।


