मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे वाराणसी, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां कानून व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के साथ विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। हालांकि अभी तक उनका आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा टीम के सक्रिय होते ही जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब छह बजे गोरखपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
![]() |
| विज्ञापन |
करीब एक घंटे तक चलने वाली इस बैठक में शहर की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की प्रगति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री शहर में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन और गतिमान परियोजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि वह सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान परिसर में निर्माणाधीन बिजली उपकेंद्र का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा ले सकते हैं।
नमो घाट और सिग्नेचर ब्रिज परियोजना का भी कर सकते हैं निरीक्षण
मुख्यमंत्री के नमो घाट जाने की संभावना को देखते हुए वहां भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया जा रहा है कि वह गंगा नदी पर प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज परियोजना की रूपरेखा को समझने और उससे संबंधित प्रस्तुतीकरण देखने जा सकते हैं। अधिकारियों को परियोजना से जुड़े सभी बिंदुओं को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन टीएफसी के पास जाएंगे मुख्यमंत्री
दौरे के दूसरे दिन बुधवार को मुख्यमंत्री बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) के समीप प्रोफेसर राजीव कृष्ण के आवास पर जाएंगे। यहां वह उनके पुत्र को विवाह की अग्रिम शुभकामनाएं और आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।


