gnews शौक में रखते थे पिस्टल, करते थे लूटपाट; वाराणसी में 7 आरोपी गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

शौक में रखते थे पिस्टल, करते थे लूटपाट; वाराणसी में 7 आरोपी गिरफ्तार

कमिश्नरेट वाराणसी की चोलापुर थाना पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई अवैध असलहे, जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को अपराध और अवैध शस्त्र तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

विज्ञापन 

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चोलापुर थाना क्षेत्र के रैचनपुर निवासी अखिलेश उर्फ मोनू राजभर, अटेसुआ निवासी अरुण राजभर, चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा निवासी हिमांशु कुमार उर्फ सनी, शिवरामपुर निवासी आभाष सिंह, नेहियां निवासी विशाल सिंह, गोसाईंपुर मोहांव निवासी अनिकेत चौहान तथा गुरवट निवासी नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू शामिल हैं।

 

पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के उद्देश्य से कटारी ब्लॉक के पास एकत्र हुए हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक .32 बोर रिवाल्वर और छह जिंदा कारतूस, एक 7.65 एमएम पिस्टल और दो कारतूस, एक .315 बोर तमंचा और तीन कारतूस, एक 9 एमएम पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। 

विज्ञापन 

इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शौक और अपराध करने के उद्देश्य से अवैध हथियार रखते थे। इन्हीं हथियारों के बल पर लोगों को डराकर चोरी, छिनैती और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि अधिक पैसे मिलने पर वे राह चलते लोगों को अवैध असलहे बेचने का काम भी करते थे। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी हथियारों की खरीद-फरोख्त के उद्देश्य से ही एकत्र हुए थे।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद हथियारों की जांच कर उनके स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।