gnews GST अधिकारी के घर हुई 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, वाराणसी पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 4 को दबोचा, लगभग पूरी रकम बरामद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

GST अधिकारी के घर हुई 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, वाराणसी पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 4 को दबोचा, लगभग पूरी रकम बरामद

शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना इलाके में जीएसटी अधिकारी के घर हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी का वाराणसी पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने चोरी गए लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोने, हीरे के आभूषण और नगदी भी बरामद कर ली है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार 3 जून को तरना स्थित एक जीएसटी अधिकारी के बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में 5 जून को शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस टीम और वरुणा जोन की पुलिस को जांच में लगाया गया।

विज्ञापन 

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। इसी क्रम में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना विशाल को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अमन सेठ, यश और रोहित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अमन सेठ चोरी किए गए सोने को गलाकर सोने के बिस्कुट में बदलने का काम करता था। वहीं यश वाहन और अन्य व्यवस्थाएं संभालता था तथा चोरी के माल की बिक्री और पैसों के बंटवारे में शामिल था। रोहित चोरी की घटना के दौरान घर में घुसकर सामान निकालने का काम करता था। गिरोह का एक अन्य सदस्य चित्रांशू उर्फ चीकू अभी फरार है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 900 ग्राम से 1 किलोग्राम तक सोना, 8 सोने के बिस्कुट, सोने की चेन, कंगन, डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड रिंग, डायमंड टॉप्स सहित विभिन्न कीमती आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा 4 लाख 27 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।

विज्ञापन 

पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी कम उम्र के हैं और पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। यह गिरोह स्थानीय स्तर पर रेकी कर ऐसे बड़े और बंद पड़े मकानों को निशाना बनाता था जहां लंबे समय तक कोई मौजूद नहीं रहता था। चोरी के बाद सोने को तुरंत गलाकर बिस्कुट का रूप दे दिया जाता था ताकि पहचान मिटाई जा सके।

इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कर वाराणसी पुलिस ने अपनी सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय दिया है। ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न केवल गिरोह के अधिकांश सदस्यों को गिरफ्तार किया बल्कि चोरी गई संपत्ति का लगभग पूरा हिस्सा भी बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।