gnews बेटी को पुलिस बनाने का सपना रह गया अधूरा: वाराणसी में सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, पड़ोसी गंभीर घायल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बेटी को पुलिस बनाने का सपना रह गया अधूरा: वाराणसी में सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, पड़ोसी गंभीर घायल

फूलपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाली युवती उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने जौनपुर जा रही थी।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी पृथ्वी नाथ सोनकर (64) अपनी बेटी आंचल सोनकर (20) को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर ले जा रहे थे। उनके साथ पड़ोसी दिनेश सोनकर (24) भी बाइक चला रहा था। तीनों लोग एक ही बाइक से जौनपुर स्थित परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे।


बताया जा रहा है कि बाबतपुर-जौनपुर बाइपास मार्ग पर बेलवा-नागपुर के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


स्थानीय लोगों ने हादसा होते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पृथ्वी नाथ सोनकर और उनकी बेटी आंचल सोनकर को मृत घोषित कर दिया।


वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दिनेश सोनकर को पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

विज्ञापन
परिजनों के अनुसार आंचल सोनकर पुलिस विभाग में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करना चाहती थी। वह भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी और इसी परीक्षा में शामिल होने के लिए जौनपुर जा रही थी। लेकिन परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उसके सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।


फूलपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।