gnews बीएचयू के सुश्रुत छात्रावास में जूनियर रेजीडेंट ने की आत्महत्या, दवा की ड्रिप लगाकर दी जान - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बीएचयू के सुश्रुत छात्रावास में जूनियर रेजीडेंट ने की आत्महत्या, दवा की ड्रिप लगाकर दी जान

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित सुश्रुत छात्रावास में रविवार देर रात एक जूनियर रेजीडेंट चिकित्सक ने संदिग्ध परिस्थितियों में दवा की ड्रिप नसों में लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

विज्ञापन
मृतक की पहचान ऋत्विक कुंडू (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चिकित्सा विज्ञान संस्थान में प्रथम वर्ष का जूनियर रेजीडेंट था। वह पश्चिम बंगाल के हुगली जनपद का निवासी था और सुश्रुत छात्रावास की छठी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था।


जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुछ वरिष्ठ रेजीडेंट छात्रों ने किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में ऋत्विक को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर साथी छात्र उसके कमरे में पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर वह बिस्तर पर दवा की ड्रिप लगी हुई अवस्था में मृत मिला।


घटना की जानकारी तत्काल विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड और लंका थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लंका पुलिस, फॉरेंसिक टीम और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

विज्ञापन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।