gnews गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को मिली जमानत - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को मिली जमानत

गंगा नदी में नाव पर नॉनवेज पार्टी करने और शराब सेवन का वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार किए गए पांच आरोपितों को अदालत से जमानत मिल गई है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सभी आरोपितों को 20-20 हजार रुपये की दो-दो जमानतें और बंधपत्र प्रस्तुत करने पर रिहा करने का आदेश दिया।

विज्ञापन
जमानत पाने वालों में सूजाबाद पड़ाव, रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद तथा बंधा रोड, सूजाबाद निवासी राहुल साहनी शामिल हैं। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने पैरवी की।


सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई थी कार्रवाई


मामले के अनुसार, गंगा नदी में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन का एक वीडियो सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।


पुलिस की सर्विलांस टीम ने वीडियो की पड़ताल कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की और पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही संबंधित नाव को भी सीज कर दिया गया था।


जांच में छह माह पुराना निकला वीडियो


सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार जांच में यह वीडियो मान मंदिर घाट क्षेत्र का पाया गया, जो करीब छह माह पुराना निकला। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की थी।


पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला


गौरतलब है कि इससे पहले 16 मार्च को भी गंगा नदी में नाव पर पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 मार्च को 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में उस प्रकरण में आरोपितों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।

विज्ञापन
वर्तमान मामले में भी अदालत से जमानत मिलने के बाद पांचों आरोपितों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। पुलिस का कहना है कि गंगा नदी की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।