कुल्हड़ सप्लाई देने निकले पिता-पुत्र को डीसीएम ने रौंदा, पिता की मौत; बेटा गंभीर, ढाई घंटे तक जाम रहा हाईवे
वाराणसी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों, स्कूली बसों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया जा रहा है कि कादम्बिनी लॉन (टीवीएस शोरूम) के पास तेज रफ्तार से आ रही आम लदी डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई। पिता-पुत्र ने सड़क किनारे हटकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित वाहन ने दोनों को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कुछ दूरी पर सुद्दीपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने वाहन पलट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छेदी प्रजापति को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे काशी प्रजापति की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
![]() |
| विज्ञापन |
परिजनों ने बताया कि यह परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था। मृतक छेदी प्रजापति के बड़े बेटे बनारसी प्रजापति की लगभग तीन महीने पहले ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया था। कुछ समय पहले ही छेदी अपने छोटे बेटे के साथ फिर से काम पर जाने लगे थे, लेकिन सोमवार सुबह हुए इस हादसे ने परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।


