gnews पांचवीं बार पंचकोशी यात्रा पर निकले अजय राय, काशी में गूंजा हर-हर महादेव - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

पांचवीं बार पंचकोशी यात्रा पर निकले अजय राय, काशी में गूंजा हर-हर महादेव

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को काशी की प्रसिद्ध एवं धार्मिक महत्व वाली पंचकोशी यात्रा का शुभारंभ किया। अजय राय ने अपनी पांचवीं पंचकोशी यात्रा की शुरुआत मणिकर्णिका घाट से संकल्प लेकर की। इससे पहले उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।

विज्ञापन
काल भैरव मंदिर पहुंचने से पूर्व अजय राय ने बड़ा गणेश मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने मणिकर्णिका घाट पहुंचकर धार्मिक विधि-विधान के साथ पंचकोशी यात्रा का संकल्प लिया और यात्रा प्रारंभ की।

इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि काशी की पंचकोशी यात्रा सनातन परंपरा और आस्था का प्रतीक है। इस पवित्र यात्रा के माध्यम से वह प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक परंपराएं पूरे विश्व को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का संदेश देती हैं।

विज्ञापन
यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उनके साथ मौजूद रहे। पंचकोशी यात्रा काशी की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है, जिसमें श्रद्धालु भगवान शिव की नगरी की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।


अजय राय की यह लगातार पांचवीं पंचकोशी यात्रा है, जिसे लेकर उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।