gnews हल्दी की रस्म के दौरान बवाल, दूल्हे के बाबा की गोली मारकर हत्या; पुलिस हिरासत में दूल्‍हा और दूल्‍हन भी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

हल्दी की रस्म के दौरान बवाल, दूल्हे के बाबा की गोली मारकर हत्या; पुलिस हिरासत में दूल्‍हा और दूल्‍हन भी

राजातालाब थाना क्षेत्र के जख्खिनी चौकी अंतर्गत मरूई गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब देर रात हुए विवाद के बाद दूल्हे के बाबा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दूल्हा और दुल्हन को भी हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार मरूई गांव निवासी हिमांशु राम पुत्र जग्गू राम का विवाह मिर्जापुर के बगहा निवासी स्वर्गीय राजकुमार राम की पुत्री रेखा देवी के साथ होना था। लड़की के माता-पिता का निधन हो चुका था, जिसके कारण विवाह की पूरी रस्में और कार्यक्रम वर पक्ष के घर मरूई में ही आयोजित किए गए थे।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि देर रात घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। परिजनों के अनुसार विवाद के बाद दूल्हे के बाबा बहादुर राम (52 वर्ष) को कुछ लोगों ने अकेला पाकर गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही जख्खिनी चौकी प्रभारी और राजातालाब थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बहादुर राम को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद दूल्हा हिमांशु राम और दुल्हन रेखा देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


मृतक बहादुर राम अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन बेटियां रंजना देवी (28), एजोरा देवी (24), नन्हका देवी (22) और पुत्र किशन राम (20) को छोड़ गए हैं। पति की मौत के बाद नौरंगी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी जैसे शुभ अवसर पर हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


एक तरफ जहां घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहीं दूसरी ओर गोलीकांड के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया। इस दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को पलभर में गम में बदल दिया।