gnews तंत्र-मंत्र के शक में ली जान! वाराणसी में बुजुर्ग की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

तंत्र-मंत्र के शक में ली जान! वाराणसी में बुजुर्ग की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार

चौक थाना क्षेत्र के बेनिया इलाके में 60 वर्षीय बुजुर्ग राजन की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसओजी और चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।

विज्ञापन
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में दो चौक थाना क्षेत्र और दो मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात मिर्जापुर निवासी राजन (60) अपने रिश्तेदारों के घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। राजन अपनी दूसरी पत्नी के बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने के लिए वाराणसी आए थे। उनकी पहली पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर में रहती हैं।


मामले का खुलासा करते हुए एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि मुख्य आरोपी विशाल ने पूछताछ में बताया है कि उसे विश्वास था कि मृतक राजन तंत्र-साधना और ओझाई का काम करते थे। आरोपी का आरोप था कि उनके तंत्र-मंत्र के कारण उसके परिवार में कई अकाल मौतें हुईं। इसी अंधविश्वास और बदले की भावना के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।





विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे कोई और कारण तो नहीं था। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की भी संस्तुति की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़े भ्रम के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।