gnews 50 करोड़ जमीन विवाद: पीड़ित पक्ष के वकील का बड़ा दावा, बोले- 'रिटायर्ड शिक्षक की संपत्ति साजिश के तहत हड़पी गई, जान को भी खतरा' - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

50 करोड़ जमीन विवाद: पीड़ित पक्ष के वकील का बड़ा दावा, बोले- 'रिटायर्ड शिक्षक की संपत्ति साजिश के तहत हड़पी गई, जान को भी खतरा'

करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन से जुड़े बहुचर्चित विवाद में अब पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता का बयान सामने आया है। अधिवक्ता ने दावा किया कि यह कोई सामान्य पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश के तहत रिटायर्ड शिक्षक की करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम में दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया और पीड़ित परिवार के साथ धोखाधड़ी की गई।

विज्ञापन
अधिवक्ता ने बताया कि इस मामले में कोर्ट के आदेश के बाद रोहनिया थाने में भाजपा के वाराणसी जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, नितेश राय उर्फ सोनू समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस निष्पक्ष विवेचना कर रही है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।


पीड़ित पक्ष के वकील का आरोप है कि पहले पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कराई गई और बाद में उसे एक ही दिन में निरस्त कर दिया गया। इसके बाद कथित रूप से दानपत्र और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति का हस्तांतरण किया गया। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच होने पर सच्चाई सामने आएगी।

अधिवक्ता ने यह भी दावा किया कि पीड़ित परिवार को लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है और पीड़ित की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

विज्ञापन
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह मीडिया के सामने आकर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बता चुके हैं। उनका कहना है कि संबंधित संपत्ति के वास्तविक मालिक ने अपनी इच्छा से जमीन अपने भतीजे को दान की थी और उसी दिन विधिवत उनके पक्ष में रजिस्ट्री की गई थी। सुरेश सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाया जा रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी बिना जांच पूरी हुए राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया है तथा मानहानि की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।


फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।