gnews GST डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, भागने के दौरान महिला दरोगाओं से हाथापाई - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

GST डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, भागने के दौरान महिला दरोगाओं से हाथापाई

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाराणसी विजिलेंस (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने राज्य जीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की और उन्हें रोकने पहुंचीं चार महिला उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) से हाथापाई भी की। काफी मशक्कत के बाद विजिलेंस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।


यह कार्रवाई बुधवार शाम करीब 6:30 बजे भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास की गई।


फाइल निस्तारण के नाम पर मांगी थी 50 हजार की रिश्वत


जानकारी के अनुसार, बजरडीहा निवासी अजय कुमार मौर्य, जो ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं, ने वर्ष 2023 के जीएसटी रिटर्न और टैक्स से जुड़े मामले का समय पर अनुपालन किया था। तकनीकी खामियों के चलते उनकी फाइल दोबारा परीक्षण के लिए जीएसटी कार्यालय पहुंची थी।

विज्ञापन
बताया गया कि संबंधित फील्ड अधिकारी की रिपोर्ट के बाद फाइल डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह के पास भेजी गई। आरोप है कि फाइल को मंजूरी देने और टैक्स संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बदले अंबिका सिंह ने अजय मौर्य से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर फाइल निरस्त करने और कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।

 

व्यापारी ने विजिलेंस से की शिकायत


रिश्वत मांगने से परेशान व्यापारी अजय कुमार मौर्य सीधे वाराणसी विजिलेंस कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

विज्ञापन
योजना के तहत अजय मौर्य ने अंबिका सिंह को दादा रेस्टोरेंट बुलाया। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की रकम वाला लिफाफा स्वीकार किया, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।


गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश, महिला दरोगाओं से हाथापाई


गिरफ्तारी के दौरान अंबिका सिंह ने खुद को छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्हें पकड़ने पहुंचीं चार महिला दरोगाओं के साथ उन्होंने हाथापाई भी की। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंबिका सिंह भीड़ और राहगीरों से खुद को बचाने तथा गलत तरीके से फंसाए जाने की बात कहती रहीं, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। इसके बाद विजिलेंस टीम उन्हें अपने वाहन से थाने ले गई।


रिश्वतखोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज


विजिलेंस ने डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, उनके द्वारा पूर्व में निस्तारित और स्वीकृत की गई अन्य फाइलों की भी जांच किए जाने की बात कही गई है।


विजिलेंस की अपील


विजिलेंस विभाग ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत 9454401866 अथवा 9454401222 पर की जा सकती है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर गोपनीय तरीके से कार्रवाई की जाएगी।