gnews ककरमत्ता फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से हवा में उछला बाइक सवार; मकान की छत पर गिरा, तीन गंभीर - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

ककरमत्ता फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से हवा में उछला बाइक सवार; मकान की छत पर गिरा, तीन गंभीर

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ककरमत्ता फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार एक युवक कई फीट हवा में उछलकर फ्लाईओवर के नीचे बने मकान की छत पर जा गिरा, जबकि दो अन्य युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर तड़पते रहे। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।

विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार से चल रहे वाहनों के बीच अचानक कार, बाइक और दो अन्य चारपहिया वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक उछलकर नीचे स्थित मकान की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद कुछ देर तक फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।


सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस और बरेका चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मकान की छत पर गिरे युवक को नीचे उतारा गया और तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

घायलों की पहचान बाबू राजभर (18) पुत्र चंदन राजभर, प्रीतम राजभर पुत्र बब्बल राजभर, दोनों निवासी कादीपुर, थाना शिवपुर तथा राहुल यादव के रूप में हुई है। राहुल यादव का पूरा पता अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। तीनों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

विज्ञापन
बरेका चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया। प्रारंभिक जांच में कार, बाइक और दो चारपहिया वाहनों की आपसी टक्कर की बात सामने आई है।


मंडुवाडीह पुलिस के अनुसार हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।