gnews राजा दरवाजा पर फिल्मी अंदाज में वारदात, क्राइम ब्रांच बनकर 27 किलो चांदी लूट ले गए तीन बदमाश - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

राजा दरवाजा पर फिल्मी अंदाज में वारदात, क्राइम ब्रांच बनकर 27 किलो चांदी लूट ले गए तीन बदमाश

चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम बेहद शातिर तरीके से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की 27 किलो चांदी की उचक्कागीरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर दो सर्राफ कर्मचारियों को रोका, ड्रग्स की जांच का डर दिखाया और जांच के बहाने चांदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही चौक पुलिस और एसओजी की कई टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरा निवासी शशि कुमार वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से सर्राफा दुकान है। वहीं सुड़िया निवासी विनय सोनी की हेमा ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित होती है। दोनों कारोबारियों के बीच अक्सर सोना-चांदी के आभूषणों का लेन-देन होता रहता है।

गुरुवार शाम शशि कुमार वर्मा ने अपनी दुकान के 23 वर्षीय कर्मचारी उमाकांत को विनय सोनी की दुकान से 27 किलो चांदी लाने के लिए भेजा। उमाकांत जब चांदी लेकर निकला तो विनय सोनी का 16 वर्षीय कर्मचारी आर्यन भी उसके साथ था। दोनों कर्मचारी बोरी में चांदी लेकर गोविंदपुरा स्थित दुकान की ओर जा रहे थे।


बताया गया कि जैसे ही दोनों राजा दरवाजा मोड़ के पास पहुंचे, तभी लंबे-चौड़े कद के तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक युवक ने आर्यन के कंधे पर हाथ रखकर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और दोनों पर ड्रग्स बेचने का आरोप लगाने लगा। कर्मचारियों ने बार-बार बताया कि बोरी में चांदी है, लेकिन आरोपी नहीं माने और दुकान मालिक को मौके पर बुलाने को कहा।


आर्यन जैसे ही अपने मालिक को बुलाने के लिए वहां से गया, उसी दौरान तीनों शातिर उमाकांत के पास रखी 27 किलो चांदी से भरी बोरी लेकर पैदल ही फरार हो गए।

विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों कर्मचारियों ने अपने मालिकों को सूचना दी। इसके बाद सर्राफ चौक थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों आरोपी ठठेरी बाजार की ओर पैदल जाते हुए दिखाई दिए हैं।

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


दिनदहाड़े सर्राफ कर्मचारियों को पुलिस अधिकारी बनकर झांसा देकर करोड़ों के कारोबार वाले बाजार से लाखों की चांदी लेकर फरार होने की इस घटना ने शहर के सर्राफा व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।