gnews कस्तूरी रियल एस्टेट के खिलाफ एक और केस: जमीन दिलाने के नाम पर सिपाही से 16 लाख की कथित ठगी, चार पर मुकदमा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

कस्तूरी रियल एस्टेट के खिलाफ एक और केस: जमीन दिलाने के नाम पर सिपाही से 16 लाख की कथित ठगी, चार पर मुकदमा

मकान और जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से कथित ठगी के आरोपों का सामना कर रही कस्तूरी रियल एस्टेट से जुड़े एक और मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बार पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने प्रॉपर्टी डीलर गौरव गुप्ता समेत चार लोगों पर 16 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, पहड़िया स्थित अशोक विहार कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर गौरव गुप्ता, उसकी मां कस्तूरी देवी, दीपक गुप्ता और एक अन्य महिला के खिलाफ कैंट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रणजीत कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि गौरव गुप्ता ने खुद को कस्तूरी रियल एस्टेट का डायरेक्टर बताते हुए फुलवरिया क्षेत्र की एक जमीन अपनी बताकर दिखाई थी। उस जमीन का सौदा कराने के नाम पर उसने 3.50 लाख रुपये लिए थे। हालांकि बाद में सौदा नहीं होने पर पूरी रकम वापस कर दी गई, जिससे गौरव पर उनका विश्वास बढ़ गया।

पीड़ित के अनुसार, फरवरी 2025 में गौरव गुप्ता ने दोबारा संपर्क कर भोजूबीर क्षेत्र में अपनी मां कस्तूरी देवी के नाम दर्ज जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। इस सौदे के लिए उसने करीब 16 लाख रुपये ले लिए।


जब बैनामा कराने के लिए पहले खजुरी स्थित कार्यालय और बाद में सारंग तालाब स्थित विक्रांत फाइनेंस सर्विस बुलाया गया, तो वहां मौजूद कस्तूरी देवी, गौरव गुप्ता, दीपक गुप्ता और एक अन्य महिला ने बताया कि उसी जमीन के नाम पर कई अन्य लोगों से भी रुपये लिए जा चुके हैं।

विज्ञापन
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही 16 लाख रुपये वापस किए गए। खुद को ठगा महसूस करने पर सिपाही ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कैंट थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर गौरव गुप्ता समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।