gnews पेपर लीक के विरोध में लंका पर सपा का प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक; राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

पेपर लीक के विरोध में लंका पर सपा का प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक; राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

देशभर में लगातार सामने आ रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने बीएचयू के सिंहद्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।

 

योगेंद्र यादव ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। उनका कहना था कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता भी लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

कार्यक्रम के आयोजक रजत वाल्मीकि ने कहा कि युवा वर्षों तक कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफिया और सरकारी लापरवाही उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक समाजवादी पार्टी युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।


प्रदर्शन के अंत में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।

विज्ञापन
इस दौरान राजू यादव, इस्तकबाल कुरैशी, विवेक जोसफ, लालू यादव, आरती यादव, रितेश केशरी, ऊर्जेश गुप्ता, विनोद यादव, डॉ. किरन बाला, मनोज यादव, रामाकांत जायसवाल, अमन यादव, ज़ाहिद नासिर, इम्तियाज गामा, सत्यप्रकाश सोनकर, वरुण सिंह, राजेश यादव, अजय पटेल, अजय यादव, बृजेश राजभर समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।