gnews वाराणसी में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग और मारपीट में दो घायल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग और मारपीट में दो घायल

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में रविवार को विवादित पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई। घटना में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मौके से दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना के चांदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत रिंग रोड के समीप लोढान क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 11:30 बजे यह विवाद हुआ। बताया गया कि अतुल उपाध्याय और अजीत उपाध्याय आपस में भाई हैं तथा दोनों के बीच वर्ष 2019 से करीब 15 बिस्वा पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।

 

रविवार को अतुल उपाध्याय अपने 15 से 20 समर्थकों के साथ विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कर कब्जा लेने पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर अजीत उपाध्याय भी अपने 30 से 35 लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से पिस्तौल से दो राउंड फायरिंग की गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फायरिंग हवाई बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विज्ञापन
घटना में अतुल उपाध्याय के पुत्र रविकांत उपाध्याय के हाथ में गोली लगने की सूचना है। उन्हें पुलिस की मदद से दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के अजीत उपाध्याय के 25 वर्षीय पुत्र अभिजीत उपाध्याय के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के लोग पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं।


शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घटनास्थल से दो कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।