दो बेटों की याद में मां ने काशी विश्वनाथ को समर्पित किए 3 करोड़ रुपये, पति को भी खो चुकी हैं श्रद्धालु
आस्था, श्रद्धा और मातृत्व के अद्भुत संगम का एक भावुक उदाहरण काशी में देखने को मिला, जहां तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने अपने दिवंगत पति और दोनों बेटों की स्मृति में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को कुल तीन करोड़ रुपये का दान दिया। महिला ने अपने दोनों स्वर्गीय पुत्रों की आत्मा की शांति के लिए दो करोड़ रुपये तथा मंदिर के अन्नक्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपये का चेक मंदिर प्रशासन को सौंपा।
![]() |
| विज्ञापन |
दान देने के बाद महिला श्रद्धालु ने विधिवत बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए और हाथ जोड़कर अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इसके अलावा उन्होंने 25-25 हजार रुपये के पांच अलग-अलग चेक भी दिए और इच्छा जताई कि इनसे प्रतिवर्ष रुद्राभिषेक कराया जाए।
कॉरिडोर बनने के बाद बढ़ा दान का सिलसिला
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बनने के बाद मंदिर में दान की राशि में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पहले जहां मंदिर को सालाना लगभग 20 करोड़ रुपये का दान प्राप्त होता था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर करीब 84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 50 हजार रुपये से अधिक का दान देने वाले 16 श्रद्धालुओं ने केवल अन्नक्षेत्र के लिए 1.14 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। वहीं इस वर्ष कुल दान राशि 1 करोड़ 42 लाख 57 हजार रुपये से अधिक दर्ज की गई है, जबकि वर्ष 2025 में यह आंकड़ा लगभग 61 लाख रुपये था।
दानदाताओं की संख्या और योगदान में भी इजाफा
वर्ष 2025 में मंदिर में 351 दान प्रविष्टियां दर्ज हुई थीं, जो 312 अलग-अलग दानदाताओं की ओर से थीं। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 257 दान प्रविष्टियां और 237 अलग-अलग दानदाता सामने आए हैं। वर्ष 2017-18 से 2023-24 के बीच मंदिर को मिलने वाले दान में लगभग चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है।
यूपीआई से भी श्रद्धालुओं ने किया योगदान
मंदिर प्रशासन के अनुसार, 893 श्रद्धालुओं ने यूपीआई और ऑनलाइन माध्यम से कुल 11.33 लाख रुपये का दान किया। किसी ने एक रुपये तो किसी ने एक लाख रुपये तक का ऑनलाइन योगदान दिया।
![]() |
| विज्ञापन |
अनंत अंबानी ने भी दिया था एक करोड़ का दान
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 16 जून को वाराणसी आए उद्योगपति अनंत अंबानी ने भी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया था। वहीं पिछले दो वर्षों में केवल मंदिर के अन्नक्षेत्र को ही करीब दो करोड़ रुपये का सहयोग प्राप्त हो चुका है।
तमिलनाडु की वृद्ध महिला द्वारा अपने दिवंगत बेटों की स्मृति में दिया गया यह तीन करोड़ रुपये का दान न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह दर्शाता है कि काशी विश्वनाथ धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है।


