gnews वाराणसी में प्राइवेट फोटो-वीडियो वायरल होने से टूटी शादी, आहत 19 वर्षीय युवती ने एसिड पीकर दी जान - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में प्राइवेट फोटो-वीडियो वायरल होने से टूटी शादी, आहत 19 वर्षीय युवती ने एसिड पीकर दी जान

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर प्राइवेट फोटो और वीडियो वायरल किए जाने तथा शादी टूटने से आहत होकर एसिड पी लिया। गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अगले महीने होनी थी शादी


मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती अपने तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले उसकी शादी भदोही जिले के एक युवक से तय हुई थी और अगस्त के पहले सप्ताह में विवाह होना था। घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थीं।

विज्ञापन
परिजनों का आरोप है कि चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी गोपी उर्फ कारू ने युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके होने वाले मंगेतर को भेज दिए। इसके बाद मंगेतर पक्ष ने शादी तोड़ दी।


युवती के बड़े भाई के मुताबिक, आरोपी और उसकी बहन के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन शादी तय होने के बाद बहन ने उससे दूरी बना ली थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा था।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने मंगेतर को फोन कर खुद को युवती का प्रेमी बताया और शादी न करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि शादी नहीं टूटी तो वह निजी फोटो और वीडियो रिश्तेदारों और अन्य लोगों को भी भेज देगा।


भाई के अनुसार, युवती ने आरोपी को कई बार फोन कर फोटो और वीडियो किसी को न भेजने और उन्हें डिलीट करने की गुहार लगाई। वह लगातार रोती-बिलखती रही, लेकिन आरोपी नहीं माना। लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों के कारण युवती गहरे मानसिक तनाव में चली गई।

विज्ञापन
रविवार शाम करीब पांच बजे युवती ने घर के बाथरूम में रखा एसिड पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन तत्काल उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां सोमवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक मृतका के एक रिश्तेदार के पड़ोस में रहता था। दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन युवती की शादी तय होने के बाद उसने उससे दूरी बना ली थी। इसी से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके मंगेतर समेत अन्य लोगों को भेजे।