gnews वाराणसी के आर्यन दुबे ने नीट री-एग्जाम में हासिल की ऑल इंडिया 7वीं रैंक, पहले प्रयास में मिली सफलता - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के आर्यन दुबे ने नीट री-एग्जाम में हासिल की ऑल इंडिया 7वीं रैंक, पहले प्रयास में मिली सफलता

काशी के होनहार छात्र आर्यन दुबे ने नीट री-एग्जाम 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल कर वाराणसी का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। पहले ही प्रयास में मिली इस बड़ी सफलता से परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों और पूरे शहर में खुशी की लहर है। आर्यन की इस उपलब्धि को उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और स्पष्ट लक्ष्य का परिणाम माना जा रहा है।

विज्ञापन
आर्यन ने अपनी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा डीपीएस बनारस से पूरी की। उन्होंने 12वीं की परीक्षा भी इसी विद्यालय से उत्तीर्ण की। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने दुर्गाकुंड स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में लगातार दो वर्षों तक अध्ययन किया। आर्यन ने बताया कि उन्होंने नौवीं कक्षा में ही डॉक्टर बनने का सपना तय कर लिया था। इसके बाद उन्होंने उसी लक्ष्य के अनुरूप अपनी पढ़ाई की रणनीति बनाई और नियमित रूप से मेहनत करते रहे।


आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से लगातार प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है।

आर्यन के पिता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। परिवार में उनकी एक छोटी बहन भी है, जो वर्तमान में कक्षा 11 की छात्रा है और मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है।

विज्ञापन
आर्यन ने बताया कि उनके जीवन के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत उनके दादा रहे हैं, जो मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से दादा को समाज की सेवा करते हुए देखकर उनके मन में डॉक्टर बनने की इच्छा जागी। दादा के कार्यों और सेवा भाव ने ही उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।


सफलता का मंत्र साझा करते हुए आर्यन ने कहा कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, समय का सही प्रबंधन किया जाए और नियमित अभ्यास के साथ आत्मविश्वास बनाए रखा जाए, तो किसी भी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।"