वाराणसी में रिंग रोड फेज-2 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक की मौत; केबिन में फंसा मिला शव
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के पास रिंग रोड फेज-2 पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक के किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकराने के कारण ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रक में चालक अकेला था और उसके साथ कोई खलासी मौजूद नहीं था। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया। हालांकि पुलिस दुर्घटना के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृत चालक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए रिंग रोड फेज-2 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर पूरी सतर्कता के साथ वाहन चलाएं, पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा थकान या नींद महसूस होने पर वाहन रोककर विश्राम करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।


