चढ़ावा चोरी से लेकर छात्रों की गूंज तक, वाराणसी में अजय राय ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरा
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष Ajay Rai ने मंगलवार को वाराणसी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाला "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा आंदोलन का ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लाखों छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, शोधार्थी और बेरोजगार युवा शामिल होंगे।
अजय राय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के नेतृत्व में चलाया जा रहा "छात्रों की गूंज" अभियान छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। इसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई, जहां पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद देहरादून में भी अभियान को व्यापक समर्थन मिला और अब इसका अगला चरण प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा।
![]() |
| विज्ञापन |
उन्होंने कहा कि यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों के लिए सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंच होगा। कार्यक्रम में छात्र सीधे राहुल गांधी के सामने अपनी समस्याएं, सुझाव और भविष्य से जुड़े सवाल रख सकेंगे।
अजय राय ने कहा कि आज प्रदेश का युवा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी और बढ़ती बेरोजगारी से सबसे अधिक प्रभावित है।
चढ़ावा चोरी से लेकर छात्रों की गूंज तक, वाराणसी में अजय राय ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरा#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@kashikirai pic.twitter.com/idEwqCegLY
— The Varanasi News (@thevaranasinews) August 4, 2026
लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षाएं निरस्त होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं और यह अभियान उसी संघर्ष का विस्तार है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सभी छात्र संगठनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाएं।
![]() |
| विज्ञापन |
पत्रकार वार्ता के दौरान अजय राय ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती रही है। उनका कहना था कि अब तक कार्रवाई केवल निचले स्तर तक सीमित दिखाई दे रही है, जबकि शीर्ष स्तर पर जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने नृपेंद्र मिश्रा, डॉ. अनिल मिश्रा, गोविंद देव गिरी और चंपत राय बंसल की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इसके अलावा अजय राय ने उत्तर प्रदेश के राशन कोटेदारों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कोटेदार लंबे समय से कमीशन बढ़ाने, समय पर भुगतान, परिवहन व्यय और अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने सरकार से कोटेदारों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
अंत में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, राशन कोटेदारों, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में होने वाला "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष को नई दिशा देगा तथा पूरे देश के छात्र-युवा आंदोलन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।



