gnews महमूरगंज में फर्जी ट्रेडिंग कंपनी का भंडाफोड़: साइबर टीम ने कॉल सेंटर पर मारा छापा, 32 लोग हिरासत में - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

महमूरगंज में फर्जी ट्रेडिंग कंपनी का भंडाफोड़: साइबर टीम ने कॉल सेंटर पर मारा छापा, 32 लोग हिरासत में

साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाराणसी पुलिस की साइबर क्राइम टीम और भेलूपुर पुलिस ने गुरुवार देर रात महमूरगंज स्थित शाही टावर में संचालित एक संदिग्ध कॉल सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 युवतियों और 11 युवकों समेत कुल 32 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

विज्ञापन

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर की आड़ में एक फर्जी ट्रेडिंग कंपनी संचालित की जा रही थी। आरोपी ऑनलाइन ट्रेडिंग, निवेश (इन्वेस्टमेंट) और डिजिटल मार्केटिंग के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह खुद को एक मल्टीनेशनल कंपनी का अधिकृत एजेंट बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और उन्हें अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराता था।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी नागरिकों को भी अपना शिकार बनाता था। इसके लिए कॉल सेंटर से विभिन्न देशों के लोगों से संपर्क किया जाता था और उन्हें फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था।

विज्ञापन 

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए साइबर पुलिस ने पहले ट्रेडर बनकर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गुरुवार देर रात पुलिस टीम ने शाही टावर स्थित कार्यालय पर छापा मार दिया।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। बरामद डाटा की साइबर फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि गिरोह के नेटवर्क, ठगी की रकम और अन्य राज्यों व देशों तक फैले इसके संबंधों का पता लगाया जा सके।


फिलहाल सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जी कंपनी का मास्टरमाइंड कौन है, अब तक कितने लोगों से ठगी की गई है और ठगी की रकम किन खातों में भेजी गई। मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।